उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

सोहागपुर/नर्मदापुरम// नर्मदापुरम जिले में गेहूं उपार्जन कार्य को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर किसानों को उपार्जन केंद्रों पर छाया, शीतल पेयजल एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक नीता कोरी, जिला प्रबंधक मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन लिमिटेड सुरेश संखेरे तथा जिला प्रबंधक मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन वासुदेव दवंडे द्वारा कृषक सेवा सहकारी समिति आरी अंतर्गत अर्पित वेअरहाउस माखननगर स्थित खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान केंद्र पर केवल दो तौल कांटे संचालित पाए जाने पर खरीदी प्रभारी को छह कांटे संचालित करने तथा किसानों के गेहूं के ढेरों की एक साथ जांच कराने के निर्देश दिए गए। वहीं कृषक अंकुर मीना एवं साकेत साहू का गेहूं अमानक पाए जाने पर पंखा – छन्ना लगाने के निर्देश दिए गए। समिति को बोरों पर आवश्यक छापा, स्टेंसिल एवं किसान कोड अंकित करने की समझाइश भी दी गई। इसके बाद संगठन डेरिया गोदाम स्थित खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर ट्रॉलियों को सड़क के बजाय परिसर के भीतर व्यवस्थित रूप से खड़ा कराने के निर्देश दिए गए। श्री हरी वेअरहाउस बागलखेड़ी में एक साथ कई किसानों का गेहूं भंडारित पाए जाने तथा कुछ ढेर अमानक मिलने पर खरीदी प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश उपायुक्त सहकारिता को दिए गए। वहीं गणेश स्व-सहायता समूह महावीर वेअरहाउस में गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए त्रिपाल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा केंद्र सरकार के एफएक्यू मापदंडों के अनुसार खरीदी करने के निर्देश दिए गए। इंद्रावती वेअरहाउस स्थित आरी समिति के खरीदी केंद्र पर लगभग 8000 बोरियां बिना स्टैकिंग के रखी मिलीं। हैंडलिंग चालान जारी होने के बावजूद स्टैकिंग कार्य नहीं होने पर संबंधित खरीदी प्रभारी को नोटिस जारी करने एवं तत्काल स्टैकिंग कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
