ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत गाडरवारा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 120 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 09 सितंबर 2026 की अलसुबह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर श्री संदीप भूरिया के निर्देशन एवं एसडीओपी गाडरवारा श्री ललित सिंह डागुर के मार्गदर्शन में थाना गाडरवारा, साईखेडा, डोगरगांव और चीचली पुलिस की संयुक्त टीम ने मजबूत मुखबिर सूचना के आधार पर गाडरवारा के कुचबंदिया मोहल्ला में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब का संग्रहण, निर्माण और विक्रय करने वाले रंजीत रजक, रंजीता कुचबंदिया, ललिता कुचबंदिया, पार्वती कुचबंदिया, नीतू कुचबंदिया, सुनील उर्फ नीलू धानक और कमल कहार सहित कुल 7 आरोपियों के कब्जे से 120 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।
- कुल 120 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त।
- करीब 2000 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट।
- 07 आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज।
- गाडरवारा के कुचबंदिया मोहल्ला में पुलिस की दबिश।
वैधानिक कार्रवाई
आरोपी रंजीत रजक पिता मुन्नालाल रजक, उम्र 35 वर्ष, निवासी विवेकानंद वार्ड गाडरवारा के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं अन्य 6 आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इन आरोपियों पर दर्ज हुए केस
- रंजीत रजक
- रंजीता कुचबंदिया
- ललिता कुचबंदिया
- नीतू बाई
- पार्वती बाई
- कमल कहार
- सुनील उर्फ नीलू धानक
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक सिंह चौहान के साथ साईखेडा थाना प्रभारी संध्या चंदेल, चीचली थाना प्रभारी शशि विश्वकर्मा, डोगरगांव प्रभारी अनिल अजमेरिया, चौका प्रभारी उप निरीक्षक विजयपाल सिंह, उप निरीक्षक वर्षा धाकड़, उप निरीक्षक अर्जुन सिंह वधैल तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।
