हाथियों की देखभाल एवं संरक्षण में जुटे कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष पहल
सोहागपुर// सतपुरा टाइगर रिजर्व में हाथियों की निरंतर देखभाल, संरक्षण एवं प्रबंधन में जुटे मैदानी कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए 16 सितंबर 2026 को हाथी पुनर्यौवनीकरण कैंप के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में हाथी महावतों, चाराकटरों एवं हाथी प्रभारियों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण डॉ. रेखा गौर, डॉ. सुधांशु एवं मेडिकल टीम द्वारा किया गया। इस दौरान कैंप में कार्यरत सभी कर्मचारियों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। विभिन्न चिकित्सकीय परीक्षणों के लिए कर्मचारियों के सैंपल भी एकत्रित किए गए, ताकि उनके स्वास्थ्य की समुचित जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराई जा सके।

स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने कर्मचारियों को उनके स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही आवश्यकता के अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया। मेडिकल टीम ने कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, खान-पान एवं कार्य के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी आवश्यक जानकारी दी। हाथियों की देखभाल में महावत, चाराकटर और हाथी प्रभारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मैदानी स्तर पर लगातार हाथियों के साथ कार्य करने वाले इन कर्मचारियों का स्वस्थ एवं सुरक्षित रहना हाथी संरक्षण व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस स्वास्थ्य परीक्षण पहल का उद्देश्य हाथियों की सेवा और संरक्षण में दिन-रात जुटे मैदानी अमले के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को सुनिश्चित करना है। अधिकारियों द्वारा इस प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को कर्मचारियों के लिए उपयोगी पहल बताया गया।
