पत्रकार:- शेख आरिफ।
मासूम बेटे-बेटी संग पिता की मौत से गांव स्तब्ध।

सोहागपुर/बालाघाट// कटंगी तहसील अंतर्गत ग्राम जराह मोह गांव के लाखी टोला में मंगलवार देर रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतकों की पहचान श्याम नागेन्द्र पिता भागवत नागेन्द्र उम्र लगभग 40 वर्ष, पुत्र वंश नागेन्द्र उम्र 5 वर्ष एवं पुत्री भूरि नागेन्द्र उम्र 3 वर्ष के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्रामीणों का कहना है कि श्याम नागेन्द्र पिछले कुछ समय से काफी परेशान और तनाव में रहता था। सूत्रों के मुताबिक युवक ने अपने मोबाइल के व्हाट्सएप पर भी घटना से पहले संदिग्ध और भावुक वीडियो स्टेटस लगाया था, जिसके बाद आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और मासूम बच्चों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
