गेहूं खरीदी में गड़बड़ी करने वालों पर चला प्रशासन का डंडा

संवाददाता:- शेख आरिफ।

नर्मदापुरम में 12 पैक्स समितियों को चेतावनी, 3 प्रभारी निलंबित, कई अधिकारियों पर कार्रवाई

सोहागपुर/नर्मदापुरम// जिले में गेहूं उपार्जन कार्य में लापरवाही और अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा 11 मई 2026 को आयोजित समय-सीमा बैठक में उपार्जन कार्य की समीक्षा के दौरान कई खरीदी केंद्रों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समीक्षा में पाया गया कि निर्देशों के बावजूद कई समितियों द्वारा खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं की गईं, जिससे किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगी रहीं और तौल कार्य में लगातार देरी हुई। हम्माली व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उप आयुक्त सहकारिता ने 12 मई 2026 को 12 बी-पैक्स समितियों — डोलरिया, खपरिया, बिसौनी कलां, नानपा, पगढाल, सोमलवाड़ा, बागलखेड़ी, ऑखमऊ, कोठरा, रमपुरा, तरोन कला एवं बनखेड़ी — को आगामी खरीदी कार्य से अपात्र किए जाने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस में जवाब मांगा है।

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत बी-पैक्स सेमरीखुर्द के सहायक समिति प्रबंधक सुरेश कुमार चौरे, बी-पैक्स खपरिया के बीजी वेयर हाउस खरीदी केंद्र प्रभारी सुनील कुमार वर्मा तथा बी-पैक्स बिसौनीकलां के श्रीकृष्ण वेयर हाउस खरीदी प्रभारी प्रद्युम्न कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं रमपुरा सोसायटी के प्रबंधक धर्मेंद्र पाराशर, खपरिया सोसायटी के प्रबंधक संजय दुबे और कोठरा समिति के प्रबंधक सुनील मुकाती को भी अनियमितताओं एवं अव्यवस्थाओं को लेकर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।
इसके अलावा बैंक कैडर के प्रबंधक दयाशंकर दादोरिया (बिसौनीकलां) एवं मानसिंह अहिरवार (पगढाल) के विरुद्ध बैंक सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करने के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नर्मदापुरम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया गया है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से उपार्जन केंद्रों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!