माखन नगर ब्लॉक के ग्राम गनेरा में शराब दुकान के विरोध में ग्रामीणों का धरना, महिलाओं-बच्चों ने संभाला मोर्चा

नर्मदा घाट मार्ग पर संचालित शराब दुकान हटाने की मांग, ग्रामीण बोले— नहीं हटी दुकान तो करेंगे आमरण अनशन
संवाददाता:- शेख आरिफ।

माखन नगर// माखननगर ब्लॉक के नर्मदा घाट समीप बसे ग्राम गनेरा में शराब दुकान को बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। गांव की सैकड़ों महिलाएं, बच्चे, छात्राएं और ग्रामीणजन शराब दुकान के सामने टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पवित्र नर्मदा नदी घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से शराब दुकान संचालित हो रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में शराब दुकान गनेरा बस स्टॉप पर संचालित हो रही है। दुकान के ठीक सामने स्कूल स्थित है, जबकि लगभग 30 मीटर की दूरी पर प्राचीन मंदिर मौजूद है। नर्मदा नदी के किनारे बसे इस गांव से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं परिक्रमा वासी गुजरते हैं, वहीं महिलाएं और छात्राएं बस स्टॉप पर स्कूल-कॉलेज जाने के लिए बसों का इंतजार करती हैं।


धरने पर बैठी महिलाओं और छात्राओं ने आरोप लगाया कि शराब दुकान से शराब खरीदने वाले लोग सड़क किनारे ही शराब पीते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं एवं छात्राओं पर भद्दे कमेंट करते हैं। इससे गांव की बहन-बेटियों को भारी परेशानी और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के एक ग्रामीण ने आरोप लगाया कि शराब दुकान संचालक छोटे बच्चों को भी शराब उपलब्ध करा देता है, जिससे गांव का सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने अब शराब दुकान के सामने ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरनास्थल पर बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक भी पहुंच रहे हैं और आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शराब दुकान को यहां से नहीं हटाया गया तो समस्त ग्रामवासी आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!