एसडीएम प्रियंका भल्लावी ने पात्र नागरिकों से नाम जुड़वाने की अपील की


सोहागपुर// तहसील कार्यालय सोहागपुर में सोमवार 18 मई 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदार द्वारा नगरीय एवं पंचायत पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनीतिक दलों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान नगरीय निकाय एवं पंचायत क्षेत्रों की मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम, मतदाता सूची अद्यतन, दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
एसडीएम प्रियंका भल्लावी, तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े एवं सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार करने तथा अपात्र नामों को हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों अश्वनी सरोज, आकाश रघुवंशी, प्रशांत जायसवाल एवं गजेन्द्र चौधरी सहित अन्य सदस्यों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। बैठक में प्रोग्रामर अमित मिश्रा एवं संदीप कुशवाहा भी उपस्थित रहे।

एसडीएम प्रियंका भल्लावी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाता समय पर अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं तथा आवश्यक संशोधन भी कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
अंत में संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
