सोहागपुर।
संवाददाता:- शेख आरिफ।
सोहागपुर। क्षेत्र के युवाओं को संगठन और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विधायक द्वारा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) सोहागपुर की आईएमसी समिति के गठन हेतु अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति करते हुए अभिनव पालीवाल एवं शुभम रघुवंशी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधायक द्वारा जारी अधिकृत पत्र के माध्यम से मातापुरा वार्ड निवासी अभिनव पालीवाल और ग्राम हीरापुर निवासी शुभम रघुवंशी को विधायक प्रतिनिधि के रूप में नामांकित किया गया। इस संबंध में जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि आईटीआई सोहागपुर में गठित होने वाली आईएमसी समिति संस्था और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। बताया जा रहा है कि विधायक विजयपाल सिंह ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्राचार्य को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी जारी किए हैं। समिति में युवा और सक्रिय चेहरों को शामिल किए जाने को क्षेत्र में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


अभिनव पालीवाल एवं शुभम रघुवंशी लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में उन्हें मिली यह जिम्मेदारी युवाओं के नेतृत्व को आगे बढ़ाने वाला कदम मानी जा रही है। नियुक्ति के बाद दोनों युवा प्रतिनिधियों के समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा उन्हें लगातार बधाइयाँ दी गईं। प्रतिनिधि नियुक्त होने पर अभिनव पालीवाल एवं शुभम रघुवंशी ने विधायक विजयपाल सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे युवाओं के कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करेंगे। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि आईएमसी समिति के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को उद्योगों से जोड़ने, प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर पहल देखने को मिल सकती है। विधायक द्वारा युवा चेहरों को जिम्मेदारी सौंपे जाने को संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
