एसडीएम का शोभापुर में औचक निरीक्षण, अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

मुख्य मार्ग सहित सार्वजनिक स्थलों से हटाया गया कब्जा, एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश

सोहागपुर // अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर डॉ. बबिता राठौर ने गुरुवार को ग्राम शोभापुर का औचक निरीक्षण कर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़क सहित ग्राम के विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों एवं कुछ लोगों द्वारा सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण पाए गए, जिस पर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।एसडीएम डॉ. राठौर के निर्देश पर प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर मुख्य मार्ग एवं ग्राम के अंदर सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। कार्रवाई के बाद सड़कों पर आवागमन सुचारु हुआ और ग्रामीणों को राहत मिली। लंबे समय से अतिक्रमण के कारण प्रभावित यातायात व्यवस्था में सुधार देखा गया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. बबिता राठौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासकीय भूमि, सड़क, नाली एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा अतिक्रमण की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए।एसडीएम ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें, जिससे आमजन की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्राम शोभापुर में व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!