हिंदू भाइयों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और प्रसादी वितरण कर किया स्वागत, तिरंगे के साथ गूंजे देशभक्ति के नारे


सोहागपुर// जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सोहागपुर में मुस्लिम समाज द्वारा भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। धार्मिक नातों के साथ देशभक्ति गीतों की धुनों के बीच निकले जुलूस में सबसे आगे तिरंगा झंडा रहा। जुलूस के दौरान लोगों ने शालीनता और अनुशासन का परिचय दिया, जिसकी शहरवासियों ने जमकर सराहना की।जुलूस के मार्ग में सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की मिसाल भी देखने को मिली। बड़ी जमा मस्जिद के पास पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अभिलाष सिंह चंदेल, एडवोकेट भानु प्रकाश तिवारी एवं हनुमान मंदिर के पुजारी हेमू दीवान ने जुलूस का स्वागत किया। वहीं बिहारी चौक पर भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरव अग्रवाल (मोंटू सेठ), पर्यावरण डायरेक्टर सौरभ अग्रवाल, भाजपा सोहागपुर मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, अंकुश जायसवाल एवं शरद चौरसिया ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया और प्रसादी वितरित की। मुख्य बाजार चौराहे पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ठाकुर हरगोविंद पुर्विया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संतोष मालवीय सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जुलूस का स्वागत किया। अलग-अलग स्थानों पर हुए स्वागत ने सोहागपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की तस्वीर पेश की।
पैगंबर साहब की शिक्षाओं और महिलाओं के अधिकारों पर दिया संदेश जुलूस के समापन अवसर पर ओलिया जमा मस्जिद के इमाम ने हजरत मोहम्मद पैगंबर साहब की जीवनी एवं उनकी शिक्षाओं के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस्लाम में महिलाओं को सम्मानजनक स्थान दिया गया है। उन्होंने लोगों से आपसी हमदर्दी रखने, जरूरतमंदों की मदद करने, न्याय और सच के पक्ष में खड़े रहने तथा समाज में भाईचारा कायम रखने का संदेश दिया।समापन अवसर पर मुस्लिम समाज के लोगों ने देश की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए सामूहिक दुआ की। धार्मिक नारों के साथ देशभक्ति के नारे भी लगाए गए। जुलूस में तिरंगे की मौजूदगी और विभिन्न वर्गों द्वारा किए गए स्वागत ने पूरे आयोजन को सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला बना दिया।
जुलूस के दौरान एसडीएम डॉ. बबिता राठौर एवं थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने पूरे मार्ग की व्यवस्थाओं की कमान संभाले रखी। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए। नगर परिषद द्वारा भी जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई। शासन-प्रशासन के सहयोग के लिए मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों ने एसडीएम डॉ. बबिता राठौर, थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी, सोहागपुर चौकी प्रभारी पटेल एवं नगर परिषद अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा का पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर सम्मान किया। सम्मान करने वालों में मुस्लिम समाज से मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष वसीमखान, आलिया जमा मस्जिद सदर अनीशखान, अंजुमन कमेटी अध्यक्ष जावेद खान, आरिफ मामू, चदर कमेटी अध्यक्ष अबरार हुसैन, मुस्ताक बाबा, गुड्डू हाजी साहब, राशिद हाजी साहब, इलियास खान, माइकल खान, राजा सोनू, पत्रकार शेख आरिफ पत्रकार, इकबाल बाबा, सभी मुस्लिम समाज जनों ने सम्मान किया।
