सोहागपुर// गौतम वार्ड स्थित शिवांश मेडिकल का शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डॉ. बबिता राठौर, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. रेखा गौर एवं ड्रग इंस्पेक्टर संजीव जार्दोंन की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद विभागीय स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में औषधि लाइसेंस की प्रति परिसर में प्रदर्शित मिली। हालांकि, एक्सपायर्ड दवाइयों को रखने के लिए अलग स्थान निर्धारित नहीं पाया गया। टीम ने दुकान में चिकित्सकीय सैंपल, शासकीय आपूर्ति की दवाइयों तथा प्रतिबंधित दवाइयों की भी जांच की, लेकिन ऐसी कोई दवा मौके पर नहीं मिली।
फार्मासिस्ट अनुपस्थित, फिर भी दवाओं की बिक्री:- निरीक्षण के समय दुकान में कार्यरत फार्मासिस्ट श्रीमती पल्लवी सावरिया अनुपस्थित पाई गईं। टीम के निरीक्षण में उनकी अनुपस्थिति के बावजूद दवाइयों का विक्रय किया जाना सामने आया। इसके अलावा बिक्री संबंधी आवश्यक अभिलेख भी संधारित नहीं पाए गए। हालांकि, क्रय संबंधी अभिलेखों की जांच में वे संधारित मिले।रेफ्रिजरेटर चालू मिला, लेकिन निरीक्षण पुस्तिका नदारददवाओं को सुरक्षित रखने के लिए मेडिकल स्टोर में उपलब्ध रेफ्रिजरेटर कार्यशील अवस्था में पाया गया तथा निर्धारित तापमान पर रखी जाने वाली दवाइयां उसमें सुरक्षित रखी मिलीं। वहीं, निर्धारित फॉर्म-35 निरीक्षण पुस्तिका दुकान में उपलब्ध नहीं पाई गई।जांच के लिए पांच दवाओं के नमूने लिएऔचक निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा 05 औषधि नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। औचक निरीक्षण की कार्रवाई से मेडिकल संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही।
