रोरीघाट में वन विभाग की दबिश, कच्चा-पका मांस सहित कुल्हाड़ी, छुरी और अन्य सामग्री जब्त

सोहागपुर// वन्यजीव संरक्षण को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रोरीघाट में सांभर के शिकार और उसके मांस को पकाने के मामले का खुलासा किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को वन्य प्राणी सांभर का मांस पकाते हुए पकड़ा।यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक नर्मदापुरम सामान्य श्री अशोक कुमार के निर्देशन, वनमंडलाधिकारी नर्मदापुरम सामान्य श्री गौरव शर्मा के मार्गदर्शन तथा उपवनमंडलाधिकारी सोहागपुर श्री अनिल विश्वकर्मा और परिक्षेत्र अधिकारी सोहागपुर श्री हेमंत शर्मा के नेतृत्व में की गई।वन विभाग के अमले ने ग्राम रोरीघाट में जांच के दौरान सियाराम पिता शिवलाल, सुखलाल पिता कुंजीलाल, नेपाल पिता करन सिंह एवं तलुन पिता मोहनलाल, सभी निवासी विस्थापित ग्राम रोरीघाट, को सांभर का मांस पकाते हुए पाया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से सांभर का कच्चा एवं पका हुआ मांस, बर्तन, कुल्हाड़ी, बोरी और छुरी सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 50 एवं 51 तथा BNSS, 2023 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।वन विभाग की इस कार्रवाई से वन्यजीवों के अवैध शिकार में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग द्वारा मामले की आगे जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि सांभर का शिकार कहां और किस परिस्थितियों में किया गया तथा इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
