सोहागपुर थाना परिसर में बकरीद एवं आगामी त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न

विजय छाबड़िया, अश्वनी सरोज एवं वसीम खान ने रखे सुझाव, प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश

सोहागपुर। आगामी बकरीद सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर गुरुवार को थाना परिसर सोहागपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, पत्रकारों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर त्योहारों के दौरान बेहतर व्यवस्थाओं और आपसी भाईचारे को बनाए रखने पर चर्चा की।बैठक में एसडीएम प्रियंका भल्लवी, थाना प्रभारी राहुल रैकवार, तहसीलदार रामकिशोर झरवाडे, नगर परिषद सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा एवं बीएमओ डॉ. रेखा गौर उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहारों के दौरान शांति, कानून व्यवस्था एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की तथा साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में वरिष्ठ भाजपाई विजय छाबड़िया (नन्नू भैया) ने प्रशासन से नगर में साफ-सफाई, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की मांग की। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने कहा कि त्योहारों के दौरान नगर में बेहतर यातायात व्यवस्था एवं अतिक्रमण हटाना आवश्यक है, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष वसीम खान ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए ईद पर निकलने वाले वेस्ट मटेरियल को एक जगह एकत्र करने के लिए नगर पालिका द्वारा गहरे गड्ढों की व्यवस्था की जाए, ताकि स्वच्छता बनी रहे। साथ ही उन्होंने नगर के सभी वार्डों में नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को दिन में दो बार पेयजल उपलब्ध कराने की भी मांग प्रशासन से की।उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था से ही नगर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहेगा। बैठक के दौरान हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं एवं नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे और सभी ने मिलकर नगर में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। बैठक का समापन आपसी सद्भाव, सहयोग एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!