मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिक़ायत करने पर नहीं हुआ समस्या का समाधान
सोहागपुर// नगर के सरदार वार्ड निवासी पुरषराज कुशवाहा ने अपने मोहल्ले में अधूरी पड़ी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को पूर्ण कराने की मांग को लेकर मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा सड़क निर्माण कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया है कि सड़क का लगभग 30 से 35 फीट हिस्सा अधूरा पड़ा हुआ है तथा नाली का निर्माण भी नहीं किया गया है। इसके कारण बरसात के दिनों में गंदा पानी घरों के सामने जमा हो जाता है और लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले पांच से छह माह से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हो सका। आवेदक ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी जनसुनवाई, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं नगर परिषद के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों द्वारा आश्वासन तो दिया गया, लेकिन मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 26 मई की जनसुनवाई में भी सड़क निर्माण शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, जबकि 9 जून को पुनः आवेदन देकर चार-पांच दिनों में कार्रवाई का भरोसा दिया गया था। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
पुरषराज कुशवाहा ने एसडीएम से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले अधूरी सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य पूरा कराया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासी आगे भी अपनी मांग को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करेंगे।
