ईमानदारी और पुलिस की तत्परता की मिसाल: महिला को वापस मिली डेढ़ तोला सोने की मनचली

टीआई गिरीश त्रिपाठी बोले – पुलिस जनता की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर

सोहागपुर// थाना सोहागपुर पुलिस की तत्परता और एक नागरिक की ईमानदारी के चलते महिला को उसकी खोई हुई सोने की मनचली वापस मिल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 जून 2026 को रिंकी पटेल पति पुष्पराज पटेल निवासी गुर्जरखेड़ी, सोहागपुर अपने बच्चों को घुमाने के लिए मंगल भवन पार्क सोहागपुर पहुंची थीं। इसी दौरान उनके गले में पहनी हुई लगभग डेढ़ तोला वजनी सोने की मनचली टूटकर पार्क में कहीं गिर गई।काफी खोजबीन के बाद भी मनचली नहीं मिलने पर रिंकी पटेल ने थाना सोहागपुर पहुंचकर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सोहागपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाश शुरू की। जांच एवं पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त सोने की मनचली काजल दोहरे निवासी आंबेडकर वार्ड, सोहागपुर को पार्क में मिली थी। पुलिस ने काजल दोहरे से संपर्क कर आवश्यक सत्यापन किया तथा बरामद सोने की मनचली उसकी वास्तविक स्वामिनी रिंकी पटेल को विधिवत सुपुर्द कर दी। अपना खोया हुआ कीमती आभूषण वापस मिलने पर रिंकी पटेल ने सोहागपुर पुलिस एवं काजल दोहरे का आभार व्यक्त किया।

थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस जनता की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना अथवा खोई हुई वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी सोहागपुर गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह कुशवाह, सहायक उप निरीक्षक गणेश राय, प्रधान आरक्षक के.के. ठाकुर, आरक्षक मनोहर दायमा, अफसर खान, महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी एवं मंजू परते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!