सोहागपुर : अज्ञात व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में नर्मदा नदी किनारे शव मिलने से सनसनी

माछा घाट पर मिला शव, शिनाख्त नहीं; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

सोहागपुर// शोभापुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत माछा घाट स्थित नर्मदा नदी किनारे शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही शोभापुर चौकी प्रभारी राहुल पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव नर्मदा नदी के बहाव के साथ बहकर माछा घाट तक पहुंचा हो। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!