राखी के रक्षा सूत्र ने बांधा अपनत्व का रिश्ता, छात्राओं ने SDM सहित अधिकारियों को बांधी राखी

सोहागपुर// रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर सेमरी स्थित कस्तूरबा बालिका छात्रावास एवं शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में रक्षा सूत्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोहागपुर एसडीएम डॉ. बबीता राठौर, बीआरसी राकेश रघुवंशी, बीएसी मैथिलीशरण पटेल एवं संस्था प्राचार्य संतोष ठाकुर सहित स्टाफ ने छात्राओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता के साथ मनाया। इस दौरान छात्रावास एवं स्कूल की छात्राओं ने अधिकारियों और स्कूल स्टाफ की कलाइयों पर स्नेहपूर्वक राखियां बांधीं। छात्राओं के इस अपनत्व से कार्यक्रम का माहौल भावुक और खुशनुमा हो गया। एसडीएम डॉ. बबीता राठौर ने छात्राओं का स्नेहपूर्वक उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मिठाई एवं उपहार भेंट किए।

छात्राओं से लिया शिक्षा और सुविधाओं का फीडबैक

एसडीएम ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए विद्यालय एवं छात्रावास में मिल रही शिक्षा, आवासीय सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और शिक्षकों के व्यवहार के बारे में सीधे जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर खुलकर बताने के लिए कहा। अपने संबोधन में एसडीएम डॉ. राठौर ने छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने सपनों को साकार करें और अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को गौरवान्वित करें। परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने प्रत्येक विषय से 10-10 महत्वपूर्ण प्रश्न तैयार कर उनकी अच्छी तरह तैयारी करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम ने रक्षाबंधन से जुड़ी प्रचलित मान्यताओं और कहानियों के बारे में भी छात्राओं से चर्चा की तथा स्वयं भी रक्षाबंधन से जुड़ी कुछ कथाओं का उल्लेख किया।

मेरिट में स्थान बनाने का लक्ष्य लेकर तैयारी: बीआरसी राकेश रघुवंशी

बीआरसी राकेश रघुवंशी ने विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की छात्राओं को परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई करें और कम से कम एक छात्रा मेरिट सूची में स्थान हासिल करे, यही लक्ष्य लेकर तैयारी करें। रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं द्वारा अधिकारियों की कलाइयों पर बांधे गए रक्षा सूत्र ने पूरे कार्यक्रम को स्नेह, विश्वास और भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते से भर दिया। अंत में संस्था प्राचार्य संतोष ठाकुर ने उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों, स्टाफ एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!