
सोहागपुर/नर्मदापुरम। बांद्राभान घाट पर स्नान करने आए श्रद्धालु की कार का कांच तोड़कर मोबाइल, नगदी और पर्स चोरी करने वाले शातिर चोर को थाना देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया आईफोन-16, नगदी और पर्स सहित लगभग 95 हजार रुपये का मशरूका बरामद कर लिया है।जानकारी के अनुसार भोपाल निवासी डॉ. पंकज भारती अपने परिवार के साथ बांद्राभान घाट पर नर्मदा स्नान करने आए थे। उन्होंने अपनी कार पार्क कर परिवार सहित घाट पर स्नान करने चले गए। वापस लौटने पर देखा कि अज्ञात चोर ने कार का शीशा तोड़कर सामने सीट पर रखा लेडीज पर्स चोरी कर लिया था। पर्स में आईफोन-16, नगदी 4 हजार रुपये, पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे।पीड़ित की शिकायत पर थाना देहात में अपराध दर्ज कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री साईं कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन एवं एसडीओपी श्री जितेंद्र कुमार पाठक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।घटना स्थल पर कोई सीसीटीवी फुटेज या तकनीकी साक्ष्य उपलब्ध नहीं होने के बावजूद थाना देहात पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग, मुखबिर तंत्र और सतत मेहनत के बल पर संदेही नीरज वर्मा (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया आईफोन-16, नगदी 4 हजार रुपये एवं पर्स बरामद कर लिया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी एवं मारपीट के चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
थाना प्रभारी उषा मरावी की सक्रियता रही सराहनीय इस चुनौतीपूर्ण मामले में थाना देहात नर्मदापुरम की थाना प्रभारी निरीक्षक उषा मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना किसी तकनीकी साक्ष्य के महज मुखबिर सूचना और सघन जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कर ली। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कुशल विवेचना की क्षेत्र में सराहना हो रही है।इस सफलता में उप निरीक्षक अरविंद बेले, प्रधान आरक्षक प्रकाश परते, आरक्षक कपिल विश्वकर्मा, जितेंद्र सिंह राजपूत, भूपेंद्र वर्मा तथा चालक आरक्षक राकेश मेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की तत्परता से पीड़ित परिवार को राहत मिली है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
