रात्रि चौपाल का असर: दो दिव्यांगजनों को मिला प्रमाण-पत्र, पेंशन का रास्ता भी हुआ आसान

कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, मेडिकल बोर्ड परीक्षण के बाद जारी हुए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र

सोहागपुर। संवाददाता – शेख आरिफ

सोहागपुर// विकासखंड सोहागपुर के ग्राम कामती में आयोजित “प्रशासन आपके द्वार – रात्रि चौपाल” कार्यक्रम एक बार फिर आमजन के लिए राहत और भरोसे का माध्यम साबित हुआ है। कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए हैं, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को ग्राम कामती में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान कुमारी अर्चना पिता जयराम (11 वर्ष) एवं देवेंद्र कुमार पिता प्रहलाद (62 वर्ष) ने अस्थि बाधित (ऑर्थोपेडिक) दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त इन आवेदनों को कलेक्टर नर्मदापुरम ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल परीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में जिला चिकित्सा प्राधिकरण नर्मदापुरम द्वारा दोनों आवेदकों का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराया गया। परीक्षण उपरांत दोनों आवेदकों में 40 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांगता प्रमाणित होने पर उन्हें दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए गए।

मंगलवार को एसडीएम सोहागपुर ने दोनों हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि दोनों पात्र हितग्राहियों के आवेदन ग्राम पंचायत स्तर पर तत्काल भरवाकर उन्हें सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।हितग्राहियों एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना करते हुए कलेक्टर नर्मदापुरम एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। यह मामला दर्शाता है कि रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रम न केवल जनसमस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, बल्कि उनका समयबद्ध निराकरण भी सुनिश्चित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!