भीषण गर्मी में लो वोल्टेज का संकट, बिजली विभाग की लापरवाही से जनता त्रस्त

लोकेशन: सोहागपुर
संवाददाता: शेख आरिफ

शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान, वार्डों में आक्रोश बढ़ा — उपभोक्ता चुका रहे हजारों का बिल, सुविधा शून्य

सोहागपुर// नगर के गौतम वार्ड, राम प्रसाद वार्ड एवं शास्त्री वार्ड में गुरुवार सुबह करीब 4–5 बजे से लो वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में बिजली की स्थिति लगातार अस्थिर बनी हुई है, जहां कभी वोल्टेज अत्यधिक बढ़ जाता है तो कभी इतना कम हो जाता है कि घरेलू उपकरण तक सुचारू रूप से नहीं चल पा रहे हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली व्यवस्था की यह लचर स्थिति आमजन के लिए भारी परेशानी का कारण बन गई है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, जिससे नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है।

स्थानीय नागरिकों एवं पत्रकारों द्वारा जब इस समस्या की शिकायत व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जूनियर इंजीनियर विजय कुमार धुर्वे से की गई, तो उन्होंने उपभोक्ताओं को 1912 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। वहीं, पत्रकार पवन चौहान ने बताया कि 1912 पर कॉल करने पर कस्टमर केयर द्वारा उन्हें नजदीकी बिजली कार्यालय में जाकर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। भाजपा कार्यकर्ता लकी किसनानी द्वारा 1912 पर दर्ज शिकायत का स्क्रीनशॉट भी व्हाट्सएप ग्रुप में साझा कर अधिकारियों को टैग किया गया, लेकिन इसके जवाब में जे.ई द्वारा केवल औपचारिक प्रतिक्रिया के रूप में (अंगूठा 👍) दिखाया गया, और समस्या जस की तस बनी रही।

नागरिकों का आरोप है कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं से हजारों रुपये का बिल वसूल रहा है, लेकिन बदले में मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं करा पा रहा। लोगों ने इसे विभाग की घोर लापरवाही बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।
लगातार अनदेखी से आक्रोशित नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लो वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!