नगर हित में हम कांग्रेस-भाजपा नहीं करते, हम सिर्फ नागरिकों के हितों की बात करते हैं: अश्वनी सरोज मंडल अध्यक्ष भाजपा

संवाददाता:- शेख आरिफ।
सोहागपुर// नगर में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और घंटों की अघोषित कटौती के विरोध में शुक्रवार देर रात नागरिकों का ग़ुस्सा सड़को पर फूटा पड़ा। शाम 6 बजे से शुरू हुई बिजली कटौती रात 2 बजे तक जारी रही, जिससे परेशान होकर भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं सैकड़ों नागरिकों ने बिजली विभाग कार्यालय के समीप पेट्रोल पंप चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराज़गी जाहिर की। शराब तहसीलदार राकेश खजूरिया मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नागरिक एसडीएम और डीजीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बताया गया कि एसडीएम प्रियंका भल्लावी अपने मुख्यालय पर मौजूद नहीं थीं, जिसके चलते वह मौके पर नहीं पहुंच सकीं। इस बात को लेकर लोगों का ग़ुस्सा और बढ़ गया। पीड़ितों का कहना था कि जब शहर की जनता रातभर सड़कों पर परेशान खड़ी है, तब जिम्मेदार अधिकारी मुख्यालय से नदारद हैं।
स्थिति तब शांत हुई जब बिजली विभाग के डीजीएम मौके पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने तीखे शब्दों में नगर की चरमराई बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के रवैये पर भी नाराज़गी जताई और चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।


भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने कहा,
“नगर हित में हम कांग्रेस-भाजपा नहीं करते, हम सिर्फ नगर के लोगों की बात करते हैं। हमारी एकता ही सबसे बड़ी ताकत है। नगर के नागरिकों को यदि कोई अधिकारी अपने तानाशाही रवैये से परेशान करेगा तो हम सब एकजुट होकर उसका विरोध करेंगे। जनता सड़क पर है और जिस अधिकारी के हाथ में शहर का लॉ एंड ऑर्डर है, वही मुख्यालय से गायब है। सरकार की जनहितैषी योजनाओं पर ऐसे लापरवाह अधिकारी बट्टा लगा रहे हैं। यदि अधिकारी मुख्यालय पर नहीं रह सकते तो अपना तबादला कराकर गांव चले जाएं।”
पीड़ितों ने बिजली विभाग को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि नगर की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
चक्का जाम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, भाजपा युवा जिला उपाध्यक्ष अभिनव पालीवाल, कांग्रेस युवा नेता प्रशांत मालवीय, विजय छावड़िया (नन्नू भैय्या)पार्षद आशीष विश्वकर्मा, दशरथ रघुवंशी, श्रीकांत रघुवंशी सहित भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता और नगर के सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।
