सोहागपुर: अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत, दो ट्रेन हादसों व एक सर्पदंश का मामला

सोहागपुर// क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मृत्यु हो गई। इनमें दो अज्ञात व्यक्तियों की मौत ट्रेन दुर्घटनाओं में हुई, जबकि एक व्यक्ति की सर्पदंश से जान चली गई। तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना रेलवे ट्रैक बंदीछोड़-पिपरिया के बीच किलोमीटर संख्या 802/22 पर सामने आई, जहां करीब 30 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक जांच में उसकी मृत्यु ट्रेन की चपेट में आने से होना प्रतीत हो रही है। दूसरी घटना बुधवार सुबह सोहागपुर के पास पलकमति पुल के समीप रेलवे ट्रैक किलोमीटर 795/28 पर हुई। यहां लगभग 35 वर्षीय अज्ञात पुरुष मालगाड़ी से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
वहीं तीसरी घटना ग्राम भटगांव की है।

सूचनाकर्ता बलीराम पिता गोकल पुरबिया ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई बालाराम पुरबिया (60 वर्ष) बुधवार सुबह लगभग 8:30 बजे अपने खेत पर मूंग की फसल देखने गया था। करीब 11:30 बजे पड़ोसी द्वारा सूचना दी गई कि बालाराम खेत में अचेत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि उनके दाहिने हाथ के अंगूठे के पास सर्पदंश के निशान थे। परिजन तत्काल उन्हें शासकीय अस्पताल सोहागपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया है तथा मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!