महिलाओं ने शराब बिक्री पर रोक और बिजली समस्या के समाधान की उठाई मांग

100 से अधिक महिलाओं ने सरपंच खुशबू रघुवंशी के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, ग्राम निभौरा सब-स्टेशन शीघ्र शुरू कराने की भी रखी मांग

सोहागपुर/नर्मदापुरम। ग्राम पंचायत नयागांव की सरपंच खुशबू दीपक रघुवंशी के नेतृत्व में ग्राम डूड़ादेह सहित आसपास के क्षेत्र की 100 से अधिक महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने गांव में खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की गंभीर विद्युत समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। महिलाओं ने बताया कि गांव में शराब की बिक्री के कारण सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है और परिवारों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबार बंद कराने की मांग की।इस दौरान कलेक्टर को ग्राम निभौरा में वर्षों पहले स्वीकृत विद्युत सब-स्टेशन का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने संबंधी ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि करीब छह वर्ष पूर्व स्वीकृत होने के बावजूद सब-स्टेशन का निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो पाया है। इसके कारण निभौरा, डूड़ादेह, नया गांव, कुकरा, पट्टन, नांदनेर, सिंघावाड़ा, सिटियागोहना, बांसखापा, जिर्रान बौंदी सहित कई आदिवासी एवं किसान बहुल गांवों के लोगों को लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

कलेक्टर ने गंभीरता से सुनी समस्याएं, संबंधित विभागों को तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्वीकृत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रारंभ कराने तथा समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। इसी दौरान एक महिला, जो अपने घर से होशंगाबाद पहुंची थी और आर्थिक रूप से असहाय थी, उसे कलेक्टर ने व्यक्तिगत रूप से यात्रा किराया उपलब्ध कराकर सम्मानपूर्वक घर भेजने की व्यवस्था भी कराई। इस मानवीय पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!