नवांकुर अभियान के तहत सोहागपुर में 4 हजार सीड बॉल का महाअभियान

नगर परिषद ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बढ़ाया कदम, नागरिकों से वृक्षारोपण में सहभागिता की अपील

सोहागपुर। संवाददाता – शेख आरिफ।

सोहागपुर// पर्यावरण संरक्षण एवं नगर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर परिषद सोहागपुर द्वारा नवांकुर अभियान के अंतर्गत सीड बॉल वृक्षारोपण महाअभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान नगर परिषद द्वारा बीज बैंक के माध्यम से तैयार की गई लगभग 4 हजार सीड बॉल को शोभापुर रोड स्थित अटल अमृत उद्यान से लेकर नहर किनारे तथा नगर के विभिन्न खाली एवं उपयुक्त स्थानों पर डाला गया। वर्षा ऋतु में इन सीड बॉल में मौजूद बीजों के अंकुरित होने से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नए पौधों के विकसित होने की संभावना है।
नगर परिषद ने आम, जामुन, नीम, कटहल सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार वृक्षों के बीज एकत्रित कर सीड बॉल तैयार की हैं। इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक तरीके से पौधों के अंकुरण को बढ़ावा देना और नगर के हरित क्षेत्र का विस्तार करना है।


“मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पिछले दो माह से विभिन्न प्रजातियों के बीज एकत्रित कर सीड बॉल तैयार की जा रही थीं, ताकि कम संसाधनों में अधिक से अधिक वृक्ष विकसित किए जा सकें।”
नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल ने कहा कि “एक बीज–एक पौधा–एक हरित भविष्य” के संकल्प के साथ यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
अभियान के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, पार्षद रविशंकर उइके, आशीष विश्वकर्मा, संध्या नागवंशी सहित नगर परिषद के जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर परिषद ने इस अभियान को हरित सोहागपुर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!