गेहूं उपार्जन व्यवस्था को लेकर विधायक विजयपाल सिंह ने उठाए किसानों के मुद्दे

सोहागपुर।
संवाददाता:- शेख आरिफ।

कलेक्टर के साथ समीक्षा बैठक में व्यवस्थाएं सुधारने पर जोर, अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सोहागपुर// गेहूं उपार्जन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में संचालित खरीदी प्रक्रिया को अधिक सुचारु, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं उपार्जन से जुड़े अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय विधायक विजयपाल सिंह ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक के दौरान विधायक विजयपाल सिंह ने जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों पर किसानों को हो रही परेशानियों से कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर उपज तौल, परिवहन, भुगतान एवं अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उपार्जन केंद्रों पर बेहतर प्रबंधन और सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

विधायक सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों से समय पर गेहूं खरीदी सुनिश्चित की जाए तथा यदि किसी केंद्र पर अनियमितता, लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में गेहूं उपार्जन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने तथा खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करने की बात कही गई।

इस अवसर पर प्रेम शंकर वर्मा, ठाकुरदास नागवंशी, हिमांशु जैन, नीता कोरी, शिवम मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक से यह स्पष्ट संदेश सामने आया कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपार्जन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!