SP साई कृष्णा के निर्देश पर सघन तलाश अभियान शुरू, संस्था की व्यवस्था और रिकॉर्ड की भी जांच

इटारसी। इटारसी स्थित मुस्कान बालिका गृह से पांच नाबालिग बालिकाओं के लापता होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना इटारसी में अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को बालिकाओं के गुमशुदा होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर अपराध क्रमांक 638/26 से 642/26 तक धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामले दर्ज किए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, एसडीओपी इटारसी वीरेंद्र मिश्रा, थाना प्रभारी सौरभ पांडे, महिला थाना प्रभारी राखी मौर्य एवं पथरौटा थाना प्रभारी मोनिका गौर ने मुस्कान बालिका गृह पहुंचकर संस्था की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पुलिस को संस्था द्वारा बालिकाओं की गुमशुदगी की सूचना देने संबंधी कोई दस्तावेज या तथ्य उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक निरीक्षक एवं तीन उप निरीक्षकों की विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। एसआईटी तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और अन्य माध्यमों की सहायता से बालिकाओं की सकुशल दस्तयाबी के लिए लगातार अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा बालिकाओं का जल्द पता लगाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
