युवा संवाद कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने थामा भाजपा का दामन, नव मतदाताओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

विधायक विजयपाल सिंह राजपूत और मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह चरम पर

सोहागपुर// भारतीय जनता पार्टी मंडल सोहागपुर द्वारा विधायक निवास पर आयोजित “युवा संवाद एवं नव मतदाता संवाद” कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह राजपूत ने युवाओं और नव मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सोहागपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने संगठन की गतिविधियों, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की विचारधारा से युवाओं को अवगत कराया।

उनके कुशल संगठन, सक्रिय जनसंपर्क और युवाओं के बीच लगातार किए जा रहे संवाद का ही परिणाम रहा कि कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनकी मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण की कार्यकर्ताओं ने भी सराहना की। विधायक विजयपाल सिंह राजपूत और मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज सभी पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओ ने सभी नए सदस्यों का भाजपा का पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत किया तथा संगठन के साथ मिलकर राष्ट्र और समाज के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने युवाओं से सीधे संवाद कर उनके सुझाव भी सुने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, नव मतदाता, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता और युवाओं की रिकॉर्ड भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सोहागपुर में भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है तथा युवा वर्ग पार्टी की नीतियों पर विश्वास जता रहा है।

“विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और स्टार्टअप जैसी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नव मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए मतदान करने का आह्वान किया।” कार्यक्रम में युवा जिला मोर्चा उपाध्यक्ष अभिनव पालीवाल, विजय छाबड़िया, ऋषभ गढ़वाल, युगल रघुवंशी, रूपेश रघुवंशी, रवि उइके, गौरव पालीवाल, आशीष विश्वकर्मा, पप्पू कुशवाहा, केशव जाजू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, नव मतदाता एवं सैकड़ों युवा उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!