सोहागपुर में विकास कार्यों की सौगात: मातापुरा में सीसी रोड, व्यायामशाला व प्रजापति समाज भवन को मिली स्वीकृति, औद्योगिक क्षेत्र से खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह बोले— औद्योगिक विकास से बदलेगी सोहागपुर की तस्वीर, युवाओं को मिलेगा स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार

सोहागपुर// नगर एवं क्षेत्र के विकास को नई गति देने की दिशा में सोहागपुर विधानसभा को एक के बाद एक महत्वपूर्ण सौगातें मिल रही हैं। मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र के मातापुरा वार्ड में ₹9,15,048 की लागत से सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही व्यायामशाला निर्माण के लिए ₹5 लाख तथा प्रजापति समाज के सामुदायिक भवन के लिए ₹20 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। भवन का निर्माण भूमि उपलब्ध होने के बाद कराया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सोहागपुर विधानसभा के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, अधोसंरचना, सामाजिक भवन और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

सोहागपुर को जल्द मिल सकता है नया औद्योगिक क्षेत्र

विधायक ने बताया कि सोहागपुर ब्लॉक में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा औद्योगिक क्षेत्र के लिए तीन संभावित स्थानों का चयन कर निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि योजना सफल होती है तो किसानों की भूमि का अधिग्रहण उनकी वर्तमान बाजार कीमत से चार गुना अधिक मुआवजे पर किया जाएगा। इस भूमि पर बड़े उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को अभूतपूर्व गति मिलेगी। विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि मोहासा औद्योगिक क्षेत्र आज विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है। यहां अनेक उद्योग संचालित हो रहे हैं, जिनमें लगभग 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिल रहा है। आने वाले एक वर्ष में इस क्षेत्र के विस्तार के साथ एक लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के आने से केवल रोजगार ही नहीं बढ़ता, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों, परिवहन व्यवसाय, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य सेवा क्षेत्रों को भी बड़ा लाभ मिलता है। इससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।

सोहागपुर विद्युत व्यवस्था में आया बड़ा बदलाव, 150 करोड़ की लगत से हुआ 132 केवी उपकेन्द्र का निर्माण।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि एक समय ऐसा था जब सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र को पिपरिया और पचमढ़ी से विद्युत आपूर्ति मिलती थी, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को लगातार बिजली संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। लेकिन प्रदेश सरकार ने जनता की समस्या को समझते हुए सोहागपुर में 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 132 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया। इसके शुरू होने के बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति काफी हद तक सुचारु हुई है और उपभोक्ताओं को राहत मिली है।

मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत नगर परिषद में डेढ़ करोड़ से अधिक के विकास कार्य

विधायक ने बताया कि नगर परिषद सोहागपुर में लगभग ₹1.50 करोड़ से अधिक की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। कई विकास कार्यों का भूमिपूजन हो चुका है तथा शेष कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होंगे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस रक्षाबंधन से लाड़ली बहनों के खाते में 1750 रुपये आएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार रक्षाबंधन के अवसर पर लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को नियमित राशि के अतिरिक्त ₹250 की अतिरिक्त राशि उपहार स्वरूप प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार भविष्य में योजना की राशि को ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,000 प्रतिमाह करने की दिशा में भी प्रयासरत है।

29 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का दौरा

विधायक ने जानकारी दी कि 29 जुलाई को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुहासा औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करेंगे तथा वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। इस दौरान औद्योगिक परियोजनाओं को शीघ्र गति देने और नए उद्योगों की स्थापना पर विशेष जोर दिया जाएगा, जिससे नर्मदापुरम जिले सहित सोहागपुर विधानसभा के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में सोहागपुर विधानसभा प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाएगी और इसका लाभ किसानों, व्यापारियों, युवाओं तथा आम नागरिकों को समान रूप से मिलेगा।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित:- इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लता यशवंत पटेल, उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी कुमार सरोज, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल गहरैया, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष नीरज यादव, तुलसी कहार, पूर्व जिला उपाध्यक्ष गोपाल महेश्वरी, अभिषेक चौहान, पार्षद आशीष विश्वकर्मा, भास्कर मांझी, गौरव पालीवाल, व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरव अग्रवाल, इंद्र कुमार दीवान, यजुर्वेद रघुवंशी, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अभिनव पालीवाल, एल्डरमैन राकेश मंडल, वरिष्ठ अधिवक्ता शंकर मालवीय, मंडल महामंत्री मिथिलेश ठाकुर, एल्डरमैन नितिन कहार, पूर्व किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष भगवान सिंह ठाकुर, अंकुश जैसवाल, नगर परिषद सीईओ धर्मेंद्र शर्मा, संजय परसाई, प्रशांत मालवीय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!