बंद पड़ी सेवा सहकारी समिति को मिली नई जिंदगी, स्थानीय स्तर पर खाद और कृषि ऋण की सुविधा बहाल होने से किसानों में खुशी

सोहागपुर। नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा की सक्रिय पहल और प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व से सोहागपुर विकासखंड के किसानों को बड़ी राहत मिली है। वर्षों से बंद पड़ी ठीकरी सेवा सहकारी समिति में करीब 17 वर्षों बाद खाद वितरण दोबारा शुरू हो गया है। इसके साथ ही पात्र किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर अल्पकालीन कृषि ऋण भी मिलने लगा है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों को नई गति मिलेगी।
काफी समय से समिति में अल्पकालीन ऋण वितरण और नियमित कार्य बंद होने के कारण क्षेत्र के किसानों को खाद और ऋण के लिए दूसरे केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ते थे। किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सहकारिता विभाग को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए समिति की व्यवस्थाओं को पुनर्जीवित किया गया।

कलेक्टर के निर्देश पर उपायुक्त सहकारिता ने पात्र किसानों के लिए ब्याजमुक्त अल्पकालीन कृषि ऋण स्वीकृत कराया। साथ ही निलंबित खाद लाइसेंस को बहाल कराया गया, पीओएस मशीन उपलब्ध कराई गई और किसानों के ई-विकास पोर्टल पर ई-टोकन बुक कराकर खाद वितरण की पूरी व्यवस्था सुचारु रूप से शुरू कराई गई। इन प्रयासों का परिणाम यह रहा कि 17 वर्षों से बंद खाद वितरण व्यवस्था फिर से चालू हो गई। अब किसानों को अपने ही क्षेत्र में समय पर खाद उपलब्ध हो रही है और बिना ब्याज के कृषि ऋण का लाभ भी मिल रहा है। इससे किसानों में उत्साह और संतोष का माहौल है।
यह पहल दर्शाती है कि कलेक्टर सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। किसानों को समय पर खाद और सस्ती ऋण सुविधा उपलब्ध कराना खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
