सोहागपुर। नगर के किलापुरा वार्ड के युवा अंशू डोंगरे पिता स्व. धनराज डोंगरे का भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के तहत गनर पद पर चयन होने पर पूरे नगर में हर्ष का माहौल देखने को मिला। प्रशिक्षण के बाद प्रथम बार नगर आगमन पर नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत करते हुए जुलूस निकाला। स्वागत जुलूस की शुरुआत किलापुरा वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि वसीम खान की दुकान से हुई। इसके बाद जुलूस नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होता हुआ अंशू डोंगरे के निवास पहुंचा। पूरे रास्ते नगरवासियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और भारत माता के जयकारों के साथ उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि वसीम खान ने कहा कि अंशू बचपन से ही मेधावी और मेहनती छात्र रहे हैं। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने भारतीय सेना में स्थान हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सोहागपुर का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि अंशू की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और पूरे वार्ड को उन पर गर्व है। नगरवासियों ने भी उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए देश सेवा के उनके संकल्प को सलाम किया।
अंशू डोंगरे के सम्मान में निकले इस भव्य स्वागत जुलूस में बड़ी संख्या में वार्डवासी, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
