बाघ संरक्षण का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचा ‘बाघ पखवाड़ा’, 1700 से अधिक लोग हुए जागरूक

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण एवं मानव-बाघ संघर्ष रोकने के उपाय बताए

सोहागपुर/पचमढ़ी।अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व द्वारा 16 से 29 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे ‘बाघ पखवाड़ा’ अभियान के तहत शनिवार को जागरूकता गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को बाघ संरक्षण, प्राकृतिक आवास की सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के प्रति जागरूक करना है। इस क्रम में ग्राम तीताखेड़ा एवं खारी इको विकास समिति में ‘सतपुड़ा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वीडियो फिल्मों के माध्यम से ग्रामीणों को बाघ संरक्षण और वन्यजीवों के साथ सुरक्षित सह-अस्तित्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में करीब 60 ग्रामीणों ने भाग लिया।

वहीं, शासकीय पीटीएस विद्यालय पचमढ़ी में चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा पिपरिया, कामती, देलाखारी तथा सुखाखापा के विद्यालयों के 584 विद्यार्थियों को सतपुड़ा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर उन्हें ‘सतपुड़ा साथी’ के रूप में वन्यजीव संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अनुसार, बाघ पखवाड़ा अभियान के तहत अब तक लगभग 1700 ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को बाघ संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!