सोहागपुर। संवाददाता:- शेख आरिफ।

सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने और क्षेत्र को औद्योगिक विकास की नई पहचान दिलाने की दिशा में विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह के निरंतर प्रयास रंग लाते दिखाई दे रहे हैं। इसी क्रम में प्रशासनिक भवन, औद्योगिक क्षेत्र मोहासा माखन नगर में अधिकारियों एवं विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा उद्योगों में उनकी अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के युवक-युवतियों को अपने ही जिले में रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार की तलाश में बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। उन्होंने उद्योग प्रतिनिधियों से स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने तथा कौशल विकास के माध्यम से उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया। मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का तेजी से हो रहा विकास विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह की दूरदर्शी सोच और सतत प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। उनके लगातार प्रयासों, शासन स्तर पर किए गए अनुसरण तथा औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने की पहल के कारण आज मोहासा प्रदेश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल हो चुका है।

मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया में वर्तमान में इनोक्स एयर, भगवती राइस मिल जैसी इकाइयां स्थापित हैं, जबकि ग्रू एनर्जी सोलर, परमिशू बायोटेक, लैंड्स मिल, आईएनए, रेज ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सहित कई महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं का निर्माण एवं स्थापना कार्य प्रगति पर है। MPIDC द्वारा भी यहां अधोसंरचनात्मक विकास को गति प्रदान की जा रही है। एम.पी.आई.डी.सी के जूनियर इंजीनियर आयुष सेन की जानकारी के अनुसार मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 45 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना प्रस्तावित है। वहीं माखन नगर के समीप विकसित हो रहे दूसरे औद्योगिक क्षेत्र (साइट-2) में भी लगभग आठ नई कंपनियों का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र में रोजगार के अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध होंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी पंचवर्षीय अवधि में हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। औद्योगिक विस्तार की वर्तमान गति को देखते हुए मोहासा भविष्य में मंडीदीप के समकक्ष या उससे भी बड़े औद्योगिक हब के रूप में स्थापित हो सकता है। वर्तमान में निर्माणाधीन उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों में 80 प्रतिशत से अधिक स्थानीय क्षेत्र के हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि औद्योगिक विकास का लाभ क्षेत्र के युवाओं और श्रमिकों को अभी से मिलने लगा है। रोजगार को लेकर उठने वाले प्रश्नों के बीच मोहासा औद्योगिक क्षेत्र एक मजबूत और सकारात्मक उत्तर बनकर सामने आया है। बैठक में विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, आकाश तिवारी, बबली पाराशर, मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, श्री फूलचंद यादव, संजय अग्रवाल सहित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा:-
“विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं का उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा क्षेत्र को रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।”
