सोहागपुर
संवाददाता:- शेख आरिफ।
कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम, युवा नेतृत्व पर जताया भरोसा
सोहागपुर// मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन विस्तार को लेकर नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी के निर्देशानुसार एवं संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले की सहमति से प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्री निशंक जैन द्वारा यह नियुक्ति सूची जारी की गई। जारी सूची के अनुसार नर्मदापुरम जिले में नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी ऋषभ दीक्षित को सौंपी गई है।

ऋषभ दीक्षित को एक सक्रिय, जमीनी और मेहनती कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। उनकी नियुक्ति से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि दीक्षित के नेतृत्व में नगरीय निकाय प्रकोष्ठ नर्मदापुरम में कांग्रेस को और अधिक मजबूत करेगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ऋषभ दीक्षित ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
