चंद मिनटों में उड़ाया कैश से भरा बैग, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से राजगढ़ से दबोची गई आरोपी

सोहागपुर// शहर में दिनदहाड़े हुई एक बड़ी चोरी की वारदात ने सनसनी फैला दी। बैंक के बाहर खड़ी थार गाड़ी से ₹5 लाख 50 हजार रुपये से भरा बैग चंद मिनटों में गायब हो गया। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब सोहागपुर पुलिस ने बिजली जैसी तेजी दिखाते हुए शातिर महिला आरोपी को दबोच लिया और पूरी रकम बरामद कर ली।
घटना 23 अप्रैल 2026 की है, सेमरी हरचंद निवासी अनाज व्यापारी पराग शर्मा अपने साथियों के साथ बैंकिंग काम से सोहागपुर पहुंचे थे। भारतीय स्टेट बैंक से भारी-भरकम रकम निकालकर वे केनरा बैंक पहुंचे और गाड़ी बाहर खड़ी कर अंदर चले गए। बस यही मौका देख एक चालाक महिला ने गाड़ी में रखा कैश से भरा बैग उड़ाया और भीड़ में गायब हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस हरकत में आई और पूरे शहर के सीसीटीवी खंगाल डाले। हर गली, हर रास्ते की बारीकी से जांच की गई। आखिरकार पुलिस के हाथ लगा एक बड़ा सुराग, जिसने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि इस सनसनीखेज चोरी को राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी गांव की रहने वाली सुधा उर्फ सुगना ने अंजाम दिया था। पुलिस टीम ने बिना देर किए दबिश दी और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। सबसे बड़ी राहत की बात—उसके कब्जे से चोरी की पूरी ₹5.50 लाख की रकम बरामद कर ली गई।


एसडीओपी संजू चौहान एवं टीआई राहुल रैयकवार की तेज तर्रार कार्रवाई ने पलटा पूरा खेल
इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा एसडीओपी संजू चौहान के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी राहुल रैयकवार के दमदार नेतृत्व में संभव हो सका। उनकी सटीक रणनीति, तेज निर्णय क्षमता और टीम की जबरदस्त मॉनिटरिंग ने चंद घंटों में ही आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। क्षेत्र में उनकी कार्यशैली की जमकर सराहना हो रही है। इस ऑपरेशन में पुलिस टीम के सभी सदस्यों ने बेहतरीन तालमेल दिखाया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई, जिससे बड़ी चोरी का खुलासा संभव हो सका।
पुलिस की सख्त चेतावनी और अपील:- पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालते समय सतर्क रहें, वाहन में नकदी न छोड़ें और संदिग्ध गतिविधि दिखते ही तुरंत पुलिस को सूचना दें।
इस सनसनीखेज चोरी का इतनी जल्दी खुलासा होना यह साबित करता है कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता!
