सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में लक्ष्य से अधिक किशोरियों को लगाया गया टीका
संवाददाता:- शेख आरिफ।
सोहागपुर// सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर के अंतर्गत विकासखंड क्षेत्र में 14 वर्ष की किशोर बालिकाओं के लिए चलाए गए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। निर्धारित लक्ष्य 1378 के विरुद्ध कुल 1385 बालिकाओं का टीकाकरण कर 101 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई। इस सफलता का श्रेय अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) प्रियंका भल्लवी के निरंतर मार्गदर्शन को दिया गया है। साथ ही, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बीएमओ डॉ. रेखा सिंह गौर के कुशल नेतृत्व और सक्रिय मॉनिटरिंग ने अभियान को गति प्रदान की। उनके मार्गदर्शन में स्वास्थ्य टीम ने सुनियोजित रणनीति अपनाते हुए लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की।

अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आशा कार्यकर्ता, सीएचओ, एएनएम, शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को गंभीर बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, और इस तरह के अभियान जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।
