पेड़ गिरने से रोड जाम, टीन शेड उड़े ; बाजार में पसरा सन्नाटा

सोहागपुर// नगर में शनिवार को अचानक आए तेज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण इंदिरा वार्ड में एक बड़ा पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे नगर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आंधी का असर शहर के अन्य इलाकों में भी देखने को मिला। सेंट पैट्रिक स्कूल के सामने पेड़ गिरने से सड़क पूरी तरह जाम हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं वाटिका गार्डन के सामने स्टेडियम की दुकानों के पास लगा नीलगिरी का पेड़ तेज हवाओं के कारण धराशायी हो गया।

अंबेडकर वार्ड में तेज हवा के चलते घरों पर लगे टीन शेड उड़ गए, जिससे स्थानीय लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित रहा।
अचानक बदले मौसम के इस रौद्र रूप ने कुछ समय के लिए पूरे नगर की गतिविधियों को थाम दिया। बाजारों में सन्नाटा पसर गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। इस आंधी-बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है, क्योंकि फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्थाएं बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
