तीनों डीपी खराब, गांव अंधेरे में; एई माखन सिंह धनगया से तीखी बहस के बाद एक दिन में समाधान का आश्वासन

सोहागपुर// लंबे समय से जारी बिजली संकट से परेशान ग्राम बांसखाप के किसानों और ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली कार्यालय का घेराव किया और एई माखन सिंह धनगया के सामने अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगी तीनों डीपी लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो डीपी बदली गई और न ही बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति द्वारा निजी डीपी लगाकर उसे ठेकेदार के माध्यम से डीएलएफ लाइन से जोड़ दिया गया है, जो नियमों के विरुद्ध है। इसके बावजूद विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

सरपंच प्रतिनिधि शुभम ने बताया कि लगातार शिकायतों के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला, जिससे परेशान होकर ग्रामीणों को घेराव का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली न होने से बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और किसान गंभीर परेशानी झेल रहे हैं। घेराव के दौरान स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण रही, हालांकि बाद में अधिकारियों के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। एई माखन सिंह धनगया ने एक दिन के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण वापस लौट गए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
