“जुआ, सट्टा, अवैध शराब और गुंडागर्दी करने वालों के लिए टीआई गिरीश त्रिपाठी का साफ संदेश— अपराध छोड़ें, अन्यथा जेल जाने के लिए तैयार रहें।”
थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी की भीम की टीम कि प्रभावी कार्रवाई से दबंगों पर कसा कानून का शिकंजा

सोहागपुर// शराब की चार बोतलों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते अपहरण, मारपीट और बंधक बनाने जैसी गंभीर वारदात में बदल गया। फरियादी की शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को उपजेल पिपरिया भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। पुलिस के अनुसार फरियादी राजा पिता हरिविष्णु कहार, निवासी टावर मोहल्ला पिपरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने मेहमानों के लिए शोभापुर कलारी से चार बोतल 8 PM शराब खरीदकर अपने दोस्त गोलू के साथ वापस लौट रहा था। इसी दौरान शोभापुर रोड स्थित हनुमान मढ़िया के पास बलवीर सिंह, गब्बर सिंह, रोहित मिश्रा, राजकुमार एवं शशिकुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और कहा कि वह राहुल जसवाल के लिए शराब सप्लाई करता है। फरियादी द्वारा इससे इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जबरन उठाकर साड़ियां रोड, पिपरिया स्थित अपने कार्यालय में ले जाकर बंधक बना लिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सोहागपुर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126 (गलत तरीके से रोकना), 296 (अश्लील/गाली-गलौज संबंधी अपराध), 140 (बंधक बनाना/अवैध रूप से रोककर रखना), 351 (आपराधिक धमकी), 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) एवं 3(5) (सामूहिक आपराधिक कृत्य) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बलवीर सिंह (जिला शिवपुरी), गब्बर सिंह (जिला शिवपुरी), रोहित मिश्रा (जिला मैहर), राजकुमार (जिला नरसिंहपुर) एवं शशिकुमार सिंह (जिला बक्सर, बिहार, हाल निवासी पिपरिया) को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय सोहागपुर में पेश किया। न्यायालय ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल पिपरिया भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई इस त्वरित कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में दबंगई, मारपीट और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सोहागपुर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी का अपराधियों को सख्त संदेश

“सोहागपुर थाना क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब का कारोबार, गुंडागर्दी, मारपीट, अवैध वसूली, धमकी, बंधक बनाना तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ निष्पक्ष, सख्त और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक निर्भय होकर अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाएं, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अपराधियों के लिए थाना क्षेत्र में कोई स्थान नहीं है। पुलिस जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे प्रतिबद्ध है तथा अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा।” – गिरीश त्रिपाठी, थाना प्रभारी, सोहागपुर
