जनसुनवाई में विधायक विजयपाल सिंह ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

सोहागपुर।संवाददाता:- शेख आरिफ।

सोहागपुर/नर्मदापुरम। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला भाजपा कार्यालय, नर्मदापुरम में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।बुधवार को आयोजित जनसुनवाई में सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने भूमि विवाद, रोजगार, सड़क, बिजली बिल, अतिक्रमण, सामाजिक सहायता एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। विधायक ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर कई मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम आरी की श्रीमती केशव पासी ने चबूतरा निर्माण, ग्राम खड़ादा भाग-1 के सकल लाल पंडराम ने सामुदायिक भवन निर्माण, ग्राम खेरी दीवान के हरिराम आदिवासी ने बीमारी सहायता तथा ग्राम पहनवारी के मधुसूदन ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम बज्जरवाड़ा के बृजेश तुमराम ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की मांग रखी।

विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की जायज समस्याओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक मामले का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का प्रभावी मंच उपलब्ध करा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से अपने विधानसभा क्षेत्र एवं निवास पर भी नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।जनसुनवाई कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री कुंवर सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष लोकेश तिवारी, पुष्पा वर्मा, आरी मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, माखन नगर मंडल अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, सोहागपुर मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!