बाघ संरक्षण का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचा ‘सतपुड़ा संवाद’, 6,887 लोगों को किया जागरूक

सोहागपुर// अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस-2026 के अवसर पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व द्वारा 16 से 29 जुलाई तक आयोजित ‘बाघ पखवाड़ा’ के तहत लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बाघों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्राम खापा, दौड़ी, झुनकर एवं चनागढ़ की इको विकास समितियों में ‘सतपुड़ा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 55 ग्रामीणों को बाघ संरक्षण, जंगलों के महत्व तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वहीं पचमढ़ी के शैलाजंली बैरियर पर आने वाले 110 पर्यटकों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, पर्यावरण संरक्षण तथा जिम्मेदार पर्यटन अपनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के अंतर्गत प्राथमिक शाला डोकरीखेड़ा, शासकीय माध्यमिक शाला रैयतवाड़ी, प्राथमिक शाला झिरिया, पीएम श्री कन्या शाला सोहागपुर तथा शासकीय कन्या शाला भौरा के 452 विद्यार्थियों को बाघों की पारिस्थितिकी में भूमिका, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण संतुलन की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ‘सतपुड़ा साथी’ के रूप में वन्यजीव संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई तथा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अलावा पिपरिया के व्यस्ततम दुर्गा मंदिर चौराहे पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 29 जुलाई तक बाघ संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पचमढ़ी आने-जाने वाले पर्यटक भी जागरूक हो रहे हैं। अभियान के तहत अब तक 6,887 लोगों को बाघ संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा चुका है।
