संवाददाता:- शेख आरिफ।

सोहागपुर// ग्राम लांघा बम्हौरी में प्रांतीय कुशवाहा समाज की जिलास्तरीय बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में समाज के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, नई कार्यकारिणी के गठन तथा आगामी लवकुश जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता गोपाल कुशवाहा ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 13 सितंबर (रविवार) को कृषि उपज मंडी प्रांगण, सोहागपुर में भगवान लव और कुश का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान लव-कुश की आकर्षक झांकियों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा लवकुश चौराहे से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों और मुख्य बाजार से गुजरते हुए कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचेगी, जहां मुख्य समारोह आयोजित होगा।
प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान
मुख्य कार्यक्रम में समाज के मेधावी एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी संभालने के लिए पुष्पराज कुशवाहा को सर्वसम्मति से लवकुश जन्मोत्सव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही बैठक में जिला स्तरीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन करते हुए नए पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया। नव-नियुक्त पदाधिकारियों का सामाजिक बंधुओं ने पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत किया और समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
बैठक में जिला अध्यक्ष मालक जी कुशवाहा, प्रदेश संरक्षक मार्शल बाम्होरिया एवं परसोत्तम दास, प्रदेश उपाध्यक्ष बाबूलाल मौर्य, संगठन मंत्री राजेंद्र बाम्होरिया, प्रदेश सचिव सरवन कुशवाहा, संभागीय अध्यक्ष रविशंकर कुशवाहा, संभागीय प्रवक्ता जय नारायण कुशवाहा सहित जिला, ब्लॉक, महिला एवं युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा पूर्व सरपंचों, वरिष्ठ सामाजिकजनों और बड़ी संख्या में कुशवाहा समाज के लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
लवकुश जन्मोत्सव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और आयोजकों का दावा है कि इस वर्ष का आयोजन सोहागपुर के सबसे भव्य सामाजिक आयोजनों में से एक होगा।
