सोहागपुर: ग्राम गोहनदेह माल में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा

संवाददाता:- शेख आरिफ।

महिलाएं बोलीं– ‘शराब नहीं रुकी तो बर्बाद हो जाएगा गांव’
थाना और आबकारी विभाग को सौंपा ज्ञापन, अवैध शराब बनाने-बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

सोहागपुर// जनपद के ग्राम गोहनदेह माल में कथित रूप से बढ़ते अवैध शराब के कारोबार को लेकर ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया है। गांव में अवैध शराब के निर्माण और खुलेआम बिक्री से नाराज महिलाओं ने सरपंच प्रतिनिधि संतोष मेहरा के नेतृत्व में थाना प्रभारी एवं आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बनाई और बेची जा रही है, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ता जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि शराब की आसान उपलब्धता ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं, आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और युवाओं का भविष्य भी खतरे में पड़ता जा रहा है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि ग्राम गोहनदेह माल में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में नियमित निगरानी बढ़ाकर इस अवैध कारोबार पर स्थायी रूप से रोक लगाई जाए। महिलाओं ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि यदि समय रहते इस समस्या पर अंकुश नहीं लगाया गया तो गांव का सामाजिक ताना-बाना पूरी तरह प्रभावित हो सकता है। उनका कहना है कि अवैध शराब का कारोबार केवल कानून व्यवस्था का नहीं, बल्कि पूरे समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य का भी गंभीर विषय है।


ज्ञापन सौंपने के दौरान मीना घुर्वे, सुखिया बाई, सरला बाई, गीता बाई, रुक्मणि बाई, आशाबाई, रामरती बाई, किमती बाई, माया बाई, लक्ष्मी बाई, राजकुमारी बाई, पूनम बाई, नन्ही बाई, शांति बाई, नगेशिया बाई, प्रेम बाई, नीतू बाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक गांव में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जाती, तब तक वे लगातार प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते रहेंगे। अब इस मामले में पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!