साहस, संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल बनी सोहागपुर पुलिस

संवाददाता:- शेख आरिफ।

थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने दिखाई फुर्ती, मानवीय संवेदनाओं और बहादुरी के लिए मिला पुलिस कर्मियों को सम्मान

सोहागपुर// पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और संवेदनशील कार्रवाई ने एक संभावित दुखद घटना को टाल दिया। समय रहते मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फांसी लगाने का प्रयास कर रही एक युवती की जान बचाकर उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम ने तीन पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनकी प्रशंसा की। जानकारी के अनुसार, सोहागपुर थाना पुलिस को तिवारी कॉलोनी स्थित एक मकान में युवती द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के निर्देशन में एएसआई वरुण सिंह, आरक्षक मनोहर दायमा एवं महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने कई बार दरवाजा खटखटाकर युवती को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। हालात की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक मनोहर दायमा ने बिना देर किए दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने युवती को शांत कर आवश्यक समझाइश दी और उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की इस त्वरित, साहसिक और मानवीय कार्रवाई से एक अनमोल जीवन बच गया। इस उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए नर्मदापुरम के पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा (भा.पु.से.) ने एएसआई वरुण सिंह, आरक्षक मनोहर दायमा और महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी को सम्मानित कर उनके कर्तव्यनिष्ठ एवं उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस केवल कानून – व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों की जान बचाने और मानवीय संवेदनाओं के साथ खड़े रहने की अपनी जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा से निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!