माखन नगर जामा मस्जिद कमेटी ने थाना में दिया आवेदन, अज्ञात आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

माखन नगर/सोहागपुर// नर्मदापुरम जिले के माखननगर क्षेत्र में स्थित बागरा तवा की गौरी शाह बादशाह दरगाह में कथित तौर पर बे-अदबी और तोड़फोड़ का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सदर वक्फ जामा मस्जिद, माखन नगर (बाबई) के सदर इरफान खान ने मुस्लिम समाज के साथ थाना माखननगर में लिखित आवेदन देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की रात कुछ अज्ञात असामाजिक तत्व दरगाह परिसर में घुस आए और वहां तोड़फोड़ की। आरोप है कि मजार पर चढ़ी चादर को नुकसान पहुंचाया गया तथा धार्मिक ग्रंथ कुरान शरीफ को फाड़कर फेंक दिया गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और मुस्लिम समाज में गहरा रोष व्याप्त है।



जामा मस्जिद कमेटी ज्ञापन के माध्यम से पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बना रहे।फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है मामले में जांच जारी है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्षी जुटाए गए हैं एवं साइबर एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है । आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह खबर शिकायत-पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
