प्रशिक्षु IFS प्रज्ज्वल चौरसिया ने संभाला सोहागपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी का दायित्व

रेंजर हेमंत शर्मा के कार्यकाल में अवैध गतिविधियों पर हुई कार्रवाई, अब विशेष कर्तव्य पर रहेंगे सोहागपुर में

सोहागपुर// सामान्य वनमंडल के अंतर्गत सोहागपुर वन परिक्षेत्र में प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी प्रज्ज्वल चौरसिया ने वन परिक्षेत्र अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। मुख्य वन संरक्षक, वन वृत्त नर्मदापुरम के आदेशानुसार उन्हें ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण के तहत आगामी पांच माह के लिए सोहागपुर वन परिक्षेत्र का दायित्व सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि सोहागपुर के तत्कालीन वन परिक्षेत्र अधिकारी हेमंत शर्मा का स्थानांतरण कार्य आयोजना इकाई, सिवनी किया गया है। हालांकि नवीन पदस्थापना के लिए उन्हें अभी सोहागपुर वन परिक्षेत्र से पूर्ण रूप से भारमुक्त नहीं किया गया है। मुख्य वन संरक्षक के आदेशानुसार उन्हें सोहागपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत संचालित वानिकी कार्यों के लिए विशेष कर्तव्य पर रखा गया है।

रेंजर हेमंत शर्मा ने अपने कार्यकाल में अवैध गतिविधियों पर कसी नकेल

रेंजर हेमंत शर्मा ने सोहागपुर वन परिक्षेत्र में अपने कार्यकाल के दौरान अवैध शिकार, अवैध कटाई, अवैध उत्खनन सहित फर्नीचर मार्ट एवं आरामशीनों से संबंधित मामलों में कार्रवाई की। वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ की गई इन कार्रवाइयों के चलते वन विभाग की सक्रियता बढ़ी और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कार्रवाई का सिलसिला चला। उनकी अल्प अवधि की पदस्थापना के दौरान की गई कार्रवाई को लेकर वन क्षेत्र में विभागीय सख्ती देखने को मिली। स्थानांतरण के बाद भी वानिकी कार्यों में उनके अनुभव का लाभ लेने के लिए उन्हें विशेष कर्तव्य पर सोहागपुर में रखा गया है।

पांच माह तक प्रशिक्षण के साथ संभालेंगे परिक्षेत्र की जिम्मेदारी प्रशिक्षु IFS अधिकारी प्रज्ज्वल चौरसिया वर्ष 2024-25 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी हैं। उनके ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण के तहत आगामी पांच माह तक सोहागपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी के दायित्व का निर्वहन करने की जानकारी विभाग की ओर से दी गई है। नए प्रशिक्षु IFS अधिकारी के पदभार ग्रहण करने के साथ ही अब सोहागपुर वन परिक्षेत्र में वन संरक्षण, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और वानिकी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उनके कंधों पर रहेगी। वहीं, हेमंत शर्मा के विशेष कर्तव्य पर सोहागपुर में बने रहने से विभागीय वानिकी कार्यों में उनके अनुभव का लाभ भी विभाग को मिलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!