पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से इलाज के लिए नागपुर रेफर

सोहागपुर/नर्मदापुरम। जिले में गुरुवार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई, जब पहली बार किसी गंभीर मरीज को पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया। रसूलिया शिवाजीनगर निवासी 83 वर्षीय रामगोपाल टोकसे को गंभीर अवस्था में एयरलिफ्ट कर नागपुर के अस्पताल पहुंचाया गया। महज एक घंटे 15 मिनट में मरीज को सुरक्षित नागपुर पहुंचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आयुष्मान कार्ड धारक होने के कारण उन्हें यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क प्रदान की गई। सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गेहलोत ने बताया कि मरीज ब्रेन हेमरेज जैसी गंभीर स्थिति एवं मल्टी ऑर्गन फेल्योर से पीड़ित थे। परिजनों द्वारा बुधवार को एयर एम्बुलेंस के लिए आवेदन किया गया था, जिस पर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

गुरुवार सुबह एयर एम्बुलेंस को एसपीएम केंद्रीय विद्यालय स्थित हेलीपैड पर उतरना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण स्थल की फिटनेस नहीं मिलने से हेलीपैड को बदलकर बुधनी स्थित ट्राइडेंट कंपनी परिसर किया गया। वहां से मरीज को एयरलिफ्ट कर दोपहर करीब 12:30 बजे नागपुर पहुंचाया गया, जहां तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।मरीज के पुत्र ऋतिक टोकसे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली इस सुविधा से उनके पिता को बेहतर उपचार का अवसर मिला है। पूरे अभियान में नर्मदापुरम एवं सीहोर जिला प्रशासन की संयुक्त भूमिका रही। मौके पर एडीएम अनिल जैन, डिप्टी कलेक्टर बबीता राठौर, सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गेहलोत, आरएमओ डॉ. गजेंद्र यादव, डॉ. शिवेंद्र चंदेल, बुधनी तहसीलदार ललित सोनी सहित स्वास्थ्य, पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। यह पहल गंभीर मरीजों के लिए त्वरित और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
