तवा जलाशय में दिखा दुर्लभ इंडियन स्किमर, 8 पक्षियों का झुंड दर्ज

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में लुप्तप्राय प्रजाति की मौजूदगी, बेहतर पारिस्थितिकी का संकेत

संवाददाता:- शेख आरिफ।

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व अंतर्गत तवा जलाशय में लुप्तप्राय पक्षी इंडियन स्किमर (Rynchops albicollis) का दुर्लभ दर्शन दर्ज किया गया है। बोट गश्ती के दौरान वन विभाग के स्टाफ को कुल 8 इंडियन स्किमर दिखाई दिए, जिनकी तस्वीर मढ़ई रेंजर द्वारा सफलतापूर्वक कैद की गई। इंडियन स्किमर अपनी विशिष्ट लंबी निचली चोंच के लिए जाना जाता है, जिसके माध्यम से यह पानी की सतह को चीरते हुए मछलियों का शिकार करता है। यह पक्षी भारत की अत्यंत संकटग्रस्त नदी-आधारित प्रजातियों में शामिल है, जिसकी संख्या लगातार घटती जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह प्रजाति केवल स्वच्छ जल, प्रचुर मछली संसाधन और निर्बाध रेतीले तटों वाले क्षेत्रों में ही पनपती है। ऐसे में तवा जलाशय में इसकी उपस्थिति इस क्षेत्र के बेहतर पारिस्थितिक संतुलन का संकेत मानी जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि सतपुड़ा टाइगर रिजर्व न केवल बाघों के संरक्षण में अग्रणी है, बल्कि अन्य संवेदनशील और लुप्तप्राय प्रजातियों के लिए भी सुरक्षित आवास प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!