सोहागपुर/पिपरिया। वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए संरक्षित वन्यजीव कृष्ण मृग (ब्लैकबक) के शिकार का खुलासा किया है। ग्राम उंटिया किशोर निवासी आरोपी नेतराम उर्फ भूरा अहिरवार के घर पर दबिश देकर कृष्ण मृग का करीब 500 ग्राम पका हुआ मांस बरामद किया गया। साथ ही शिकार में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी, दो हंसिया, एक बोरी और एक कलछुड़ी भी जब्त की गई।वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर अगले दिन घटना स्थल से कृष्ण मृग का कच्चा मांस भी बरामद किया गया। मामले में सात अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय पिपरिया में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

वन विभाग ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।इस कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी पिपरिया बफर पी.एल. डोयरे, वनपाल रेखा ठाकुर, नन्दकिशोर अहिरवार, दीपक साहू तथा वनरक्षक प्रवीण रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
