पुलिस की मुस्तैदी और सूझबूझ से बड़ी सफलता, घेराबंदी कर पकड़ी अवैध शराब से भरी कार, 5.75 लाख रुपये का मशरूका जब्त ।

सोहागपुर// पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा (आईपीएस) अति पुलिस अधीक्षक, अभिषेक राजन (रा. पु.से.) जिला नर्मदापुरम के निर्देशन पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाए जा रहे जिसके तहत सोहागपुर एसडीओपी संजू चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा दिनांक 4-5 जून 2026 की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध शराब भरकर पिपरिया से नर्मदापुरम की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेवा-बनखेड़ी सोहागपुर मोड़ पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए जान जोखिम में डालकर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से 15 पेटी देशी मदिरा प्लेन शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 750 क्वार्टर (135 लीटर) शराब पाई गई। बरामद शराब की कीमत लगभग 75 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान पियूष उर्फ प्रवीण पिता अनिल (22 वर्ष) निवासी भाट मोहल्ला, इटारसी के रूप में हुई है।
5 लाख 75 हजार रुपये मूल्य का मशरूका जब्त:- पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब के साथ मारुति कार क्रमांक एमपी-05-सीए-6355 भी जब्त की है। वाहन और शराब सहित कुल 5 लाख 75 हजार रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक विवेक यादव, सहायक उप निरीक्षक अशोक सातनकर, गणेश राय, प्रधान आरक्षक मनीराम पटेल, विनोद नागर तथा आरक्षक राजेन्द्र सिंह तोमर, अजमेर, मनोहर दायमा, जोशवा मसीह एवं विवेक सोनपुरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
