सोहागपुर: पत्रकार पर हमले को लेकर तहसील पत्रकार संघ का फूटा आक्रोश, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

इटारसी में अधिमान्य पत्रकार राकेश पटेल पर हमले की निंदा, एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन

सोहागपुर। इटारसी के अधिमान्य पत्रकार राकेश पटेल के साथ हुई मारपीट एवं कथित जानलेवा हमले की घटना को लेकर तहसील पत्रकार संघ सोहागपुर ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। तहसील पत्रकार संघ ने सोहागपुर एसडीओपी संजू चौहान को पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा घायल पत्रकार को उचित उपचार उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार राकेश पटेल के साथ गाली – गालौज , मारपीट एवं हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। इस घटना ने पूरे पत्रकार जगत को झकझोर दिया है और पत्रकारों में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। तहसील पत्रकार संघ ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी पक्ष के आवेदन पर पत्रकार राकेश पटेल के विरुद्ध भी काउंटर प्रकरण दर्ज कर लिया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। संघ का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर वास्तविक दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मुख्य आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था, जिस पर भी वैधानिक कार्रवाई होना जरूरी है। पत्रकारों का कहना है कि किसी समाचार में नाम या फोटो प्रकाशित करना पत्रकारिता के दायित्व और पेशे का हिस्सा है तथा इसी कारण किसी पत्रकार को घर बुलाकर उसके साथ मारपीट करना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। पत्रकार संघ ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों पर हमले की घटनाएं न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का विषय हैं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए भी गंभीर चुनौती हैं।

तहसील पत्रकार संघ सोहागपुर की मांग
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि पत्रकारों से जुड़े मामलों में बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए तथा झूठी शिकायतों के आधार पर प्रकरण दर्ज करने जैसी प्रवृत्तियों पर रोक लगाई जाए। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। पत्रकार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो पत्रकार समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। तहसील पत्रकार संघ सोहागपुर ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाया जाए तथा पत्रकारों के हितों और सुरक्षा की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंप ने वालो में अधिमान्य पत्रकार पवन चौहान, देवेन्द्र कुशवाहा, शेख आरिफ, प्रदीप देवलिया, रुपेश मेहरा, अभिनव पालीवाल, आदाब खान, रितेश साहू, उमेश मित्तल, गिरिराज चौधरी, सुनील पचौरी, तरुण मेहरा, सुरेश कोरी, दिनेश ठाकुर, आशीष आचार्य, यशवंत सिलावट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!